उच्च शिक्षा निदेशालय ने बीते दिनों छुट्टियों का संभावित शेड्यूल जारी किया था। इस बाबत जिला उपनिदेशकों के पास 15 जनवरी तक शिक्षकों, शिक्षक संघों, विद्यार्थियों, अभिभावकों को अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करवाने को कहा था। इसी कड़ी में वीरवार को उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने जिला उपनिदेशकों को पत्र जारी कर सभी सुझावों और आपत्तियों की रिपोर्ट बनाने को कहा है। हर जिले से छुट्टियों के संभावित शेड्यूल को लेकर सिर्फ एक-एक रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। 12 जिलों की इन रिपोर्ट के आधार पर उच्च शिक्षा निदेशालय के नई रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेजेगा।
बता दें कि ग्रीष्मकालीन स्कूलों के संभावित शेड्यूल के तहत गर्मियों की 15 से 20 और मानसून की 20 से 25 छुट्टियां जिला उपायुक्त स्वयं मौसम की स्थिति को देखते हुए तय करेंगे। उपायुक्तों को इस बात का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है कि कुल छुट्टियों की संख्या 40 से अधिक न हो। सर्दियों की सात छुट्टियां भी इन स्कूलों में उपायुक्त ही मौसम को देखते हुए तय करेंगे। इन स्कूलों में वार्षिक परीक्षाओं के समाप्त होने के बाद छुट्टियां नहीं दी जाएंगी। 31 मार्च को परीक्षा परिणाम निकलने के बाद पहली अप्रैल से ग्रीष्मकालीन स्कूलों में नया सत्र शुरू हो जाएगा। यहां दिवाली की छुट्टियां पहले की तरह पांच ही रहेंगी। कुल्लू जिला के स्कूलों में दशहरे के बाद पांच छुट्टियां दी जाएंगी। शीतकालीन स्कूलों में मानसून की सात छुट्टियां उपायुक्त मौसम को देखते हुए तय करेंगे। दिवाली की छुट्टियां इन स्कूलों में तीन दिन की रहेंगी। दो छुट्टियां दिवाली से पहले और एक बाद में दी जाएंगी। सर्दियों की छुट्टियां भी पूर्व की तरह ही रखी गई हैं।