आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (ईआरएसएस 112) की अप्रैल 2026 की जारी ऑल इंडिया रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। राज्य का औसत इवेंट रिस्पॉन्स टाइम 3 मिनट 36 सेकंड दर्ज किया गया, जो देशभर में सबसे तेज है। रिपोर्ट के अनुसार कॉल टेकर का औसत समय 2 मिनट 1 सेकंड, डिस्पैचर का 12 सेकंड और इमरजेंसी रिस्पॉन्स यूनिट का समय 1 मिनट 23 सेकंड रहा।
इस उपलब्धि के साथ हिमाचल ने दादरा, दमन और दीव, लक्षद्वीप व चंडीगढ़ जैसे केंद्र शासित प्रदेशों को भी पीछे छोड़ दिया। सूची में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य भी हिमाचल से काफी पीछे हैं। यह उपलब्धि प्रदेश की आपातकालीन सेवाओं की तत्परता, बेहतर समन्वय और तकनीकी दक्षता को दर्शाती है। आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली भारत सरकार की एक एकीकृत आपातकालीन हेल्पलाइन सेवा है, जिसके तहत एक ही नंबर 112 डायल करके पुलिस, अग्निशमन (फायर) और एम्बुलेंस जैसी आपात सेवाओं से तुरंत मदद ली जा सकती है।