प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ परीक्षा पर चर्चा करने के लिए हिमाचल प्रदेश से दस विद्यार्थी जाएंगे। ऑनलाइन परीक्षा के आधार पर इन विद्यार्थियों के चयन को उच्च शिक्षा निदेशालय ने कमेटी गठित कर दी है। 16 जनवरी को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रधानमंत्री मोदी विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव से दूर रहने के टिप्स देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम का प्रदेश के 3500 सरकारी स्कूलों सहित निजी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। छठी से जमा दो कक्षा के स्कूली विद्यार्थियों और कॉलेज-विवि के विद्यार्थियों को यह कार्यक्रम दिखाया जाएगा। प्रदेश के करीब चार लाख विद्यार्थियों को कार्यक्रम दिखाया जाएगा। स्कूलों-कॉलेजों में इंटरनेट सुविधा से जुड़ी कंप्यूटर लैबों में यह कार्यक्रम दिखाया जाएगा।
जहां इंटरनेट या कंप्यूटर नहीं हैं, वहां टीवी या स्क्रीन लगाकर दूरदर्शन के माध्यम से कार्यक्रम का प्रसारण होगा। जहां टीवी का इंतजाम नहीं होगा वहां रेडियों सेट से कार्यक्रम सुनाया जाएगा। कार्यक्रम की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब भी देंगे। विद्यार्थी केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय की वेबसाइट पर दिए एग्जाम स्ट्रेस लिंक के माध्यम से 23 दिसंबर तक सवाल पूछे जा सकते हैं।
नौंवी कक्षा से आगे की कक्षाओं वाले विद्यार्थी ही सवाल पूछ सकते हैं। सवाल केवल परीक्षाओं के तनाव से जुड़ा होना चाहिए। श्रेष्ठ सवाल पूछने वाले विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री से बात करने का मौका मिलेगा। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि हिमाचल से दिल्ली जाने वाले दस विद्यार्थियों के चयन के लिए संयुक्त निदेशक की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है।