मंडी-कुल्लू हाईवे पर फंसे ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी-कुल्लू एनएच पर लगे लंबे जाम में सेब से भरे दर्जनों ट्रक, तेल के टैंकर, मालवाहक और सैलानियों के वाहन फंसे रहे। चट्टानें गिरने से गुरुवार देर रात से बंद चंडीगढ़-मंडी-मनाली मार्ग शुक्रवार देर रात तक भी बहाल नहीं हो पाया। सड़क पर मीलों तक ठप ट्रैफिक प्रशासन की व्यवस्था की पोल खोलते रहे। वाहनों में सवार लोग, चालक परिचालक, पर्यटक, बच्चे, बूढ़े, महिलाएं सब कई घंटे तक सड़कपर भटकने को मजबूर हुए।
ऐसे में पूरा दिन लोग सरकार व प्रशासन को कोसते रहे। स्थानीय एसडीएम रितिका जिंदल ने भी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया, लेकिन लंबे जाम के आगे कुछ नहीं हो पाया। उधर, उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने कहा कि भारी बारिश के कारण मार्ग बहाली में दिक्कत आ रही है। प्रशासन सतर्क है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि किसी को परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस विभाग की ओर से उचित कदम उठाए जा रहे हैं।