हिमाचल प्रदेश में मधुमेह यानी डायबिटीज के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। चिंता की बात यह है कि अब यह बीमारी केवल अधिक उम्र के लोगों तक सीमित नहीं रही, बल्कि युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। प्रदेश में मधुमेह के मरीजों में 22.33 फीसदी युवा हैं। इनमें कई ऐसे मरीज भी शामिल हैं, जिन्हें सात वर्ष से अधिक समय से मधुमेह है। प्रदेश में कुल आबादी के स्तर पर मधुमेह का अनुपात 14.5 फीसदी आंका गया है, जबकि राष्ट्रीय औसत 11.7 फीसदी है। इस तरह हिमाचल राष्ट्रीय औसत से 2.8 प्रतिशत अंक आगे है।
चिकित्सकों के अनुसार समय पर उपचार नहीं लेने और रक्त में शुगर का स्तर नियंत्रित नहीं रखने से हृदय, किडनी, आंखों और शरीर के अन्य अंगों पर गंभीर असर पड़ सकता है। प्रदेश के अस्पतालों में रोजाना मधुमेह के नए मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। आईजीएमसी शिमला की ओपीडी में भी प्रतिदिन पांच से सात नए मरीज सामने आ रहे हैं।
आईजीएमसी के सर्वे में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों ने प्रदेश में मधुमेह की स्थिति को लेकर सर्वे किया है। वर्ष 2024 से 2026 के बीच 1,482 मरीजों पर किए गए इस सर्वे में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। सर्वे के अनुसार कुल मरीजों में 22.33 फीसदी युवा वर्ग के हैं, जबकि 77.66 फीसदी मरीज 40 वर्ष से अधिक आयु के हैं। कई मरीजों में रक्त शर्करा का स्तर अनियंत्रित पाया गया। सर्वे में यह भी सामने आया कि कुछ मरीज लंबे समय से मधुमेह से पीड़ित हैं। इनमें ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्हें सात साल से अधिक समय से यह बीमारी है। कुछ मरीजों की स्थिति गंभीर और अनियंत्रित पाई गई।