रविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अन्य यात्री हेलीकॉप्टर से पांवटा के एवीएन रिजॉर्ट में शुरू हुई दो दिवसीय भाजपा कार्यसमिति की बैठक के लिए पहुंचे। सुबह करीब 9:50 बजे सीएम के हेलीकॉप्टर ने तारूवाला मैदान में लैंड किया। सीएम और अन्य सवार हेलीकॉप्टर से बाहर निकले।
इसी बीच स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करने के बाद सीएम सलामी ले रहे थे तो पिछले तीन दिनों से बारिश होने के चलते गीले मैदान में हेलीकॉप्टर का एक टायर धंस गया। सलामी लेने के बाद सीएम भी एक बार हेलीकॉप्टर की तरफ गए। इसके बाद पायलट ने कुछ पुलिस कर्मियों को बैलेंस बनाने के लिए हेलीकॉप्टर में बिठाया और फिर टायर बाहर निकलने के बाद वापस उड़ान भरी।
लगातार हुई बारिश के कारण मैदान की मिट्टी नरम हो गई थी, जिसके चलते हेलीकॉप्टर के बायीं तरफ का पहिया थोड़ा मिट्टी में धंस गया था। - लायक राम वर्मा, एसडीएम पांवटा