मुख्य संसदीय ठाकुर सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा है कि उन्होंने गाड़ी सिस्टम में खराबी की वजह से लौटाई। क्या नई गाड़ी लेने के लिए भी सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग से बात की है। इस पर सुंदर सिंह ठाकुर बोले कि अभी देखते हैं। उल्लेखनीय है कि कुल्लू के विधायक और मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने हाल ही में फॉर्च्यूनर कार सरकार को लौटा दी थी। इससे सियासी गलियारों में यह चर्चा है कि उन्होंने ऐसा क्यों किया है। वीरवार को उनसे बात की तो उन्होंने इस पर गोलमोल जवाब दिया कि इसके सिस्टम में खराबी थी।
सुंदर सिंह ठाकुर मुख्य संसदीय सचिव बनाए जाने से पहले मंत्री पद के दावेदार थे। उनके समर्थक अभी भी कैबिनेट में उनके लिए जगह बनने की उम्मीद लगाए हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से इस समय केवल एक ही मंत्री जगत सिंह नेगी हैं। वे भी जनजातीय क्षेत्र किन्नौर से ताल्लुक रखते हैं। इस संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले मंडी जिले में कांग्रेस सीटें नहीं बचा पाई तो यहां से कोई मंत्री नहीं बना और कुल्लू में इनके पास दो सीटें हैं। ऐसे में यहीं से मंत्रिमंडल में जगह पाने की एक उम्मीद आज भी बनी हुई है।