प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप की बहन श्यामा देवी।
- फोटो : अमर उजाला
नगर परिषद नाहन का वार्ड नंबर-एक हॉट सीट बन गया है। इस वार्ड से प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप की बहन श्यामा देवी चुनावी मैदान में कूदी हैं। पांच वर्ष पूर्व हुए चुनाव में भी वह इसी वार्ड से पार्षद चुनकर आई थीं। लेकिन, सुरेश कश्यप के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब यह वार्ड हॉट सीट बन गया है। पूरी नगर परिषद को कब्जाने के अलावा इस वार्ड से पार्टी समर्थित प्रत्याशी को पुन: जिताने का भाजपा पर दबाव है।
पांच साल पहले हुए चुनाव में नगर परिषद नाहन पर भाजपा ने कब्जा जमाया था। ढाई-ढाई साल के करार के अनुसार पहले अनीता शर्मा और बाद में रेखा तोमर को प्रधान बनाया गया। वार्ड नंबर एक से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप की बहन श्यामा देवी पार्षद चुनकर आई थीं। इस बार वह फिर चुनावी मैदान में उतरी हैं।
कश्यप के लिए अब यह वार्ड प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। हालांकि, वह बहन के प्रचार में आएंगे या नहीं यह स्पष्ट नहीं हुआ है। लेकिन, स्थानीय विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने खुद मोर्चा संभाला है। शनिवार को प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल करते वक्त वह स्वयं मौजूद रहे। वार्ड नंबर एक में खुले कार्यालय का शुभारंभ भी डॉ. बिंदल ने ही किया।
अध्यक्ष पद को लेकर चर्चाओं ने पकड़ा जोर
नगर परिषद नाहन का अध्यक्ष पद इस बार अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है। लिहाजा, श्यामा देवी के विजय होने के बाद अध्यक्ष बनने की चर्चा भी खूब चल रही है। हालांकि, यह तभी संभव हो पाएगा जब भाजपा समर्थित प्रत्याशी बहुमत में आएं और संगठन की आम राय उनके नाम पर बने।