नववर्ष के जश्न से पहले पुलिस ने पर्यटन स्थलों पर चौकसी बढ़ा दी है। शिमला, मनाली, कसौल, धर्मशाला, डलहौजी, अटल टनल आदि पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 112 नंबर जारी किया है। पर्यटन की दृष्टि से शिमला, परवाणू व पंडोह इत्यादि स्थानों के प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों की संख्या के सही आकलन के लिए ड्रोन का प्रयोग किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षकों को अपने जिला में प्रतिदिन एक राजपत्रित अधिकारी को ड्यूटी अधिकारी के रूप में नियुक्त करने और उनके नाम व फोन नंबर जिला पुलिस की वेबसाइट व एलईडी स्क्रीन पर दर्शाने को कहा गया है। जिलाधीशों से भी प्रशासन की तरफ से एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने को कहा गया है। अनाधिकृत रूप से पार्क की गईं गाड़ियों को हटाने के लिए रिकवरी वैन का प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं ताकि मार्ग यातायात के लिए बाधित न हो।
ये भी दिए निर्देश
होटलों, सरायों एवं अन्य आवासीय भवनों के मालिकों के साथ समन्वय स्थापित करें और होटलों की निरंतर जांच करें। पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम को भी निर्देश दिए गए हैं कि असामाजिक तत्वों पर नजर रखें। ऐसे लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए जो सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक भ्रामक सूचना पोस्ट करते हैं।