शिमला में पेंशनरों का छह दिवसीय सांकेतिक धरना मंगलवार को समाप्त होगा।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश में लंबित वित्तीय देनदारियों के भुगतान को लेकर पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की तैयारी कर ली है। 12 नवंबर से प्रदेश के सभी 12 जिलों में चल रहा छह दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन मंगलवार को शिमला में संपन्न होगा। इसके बाद पेंशनर बुधवार से धर्मशाला के लिए रवाना होंगे।
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया है। समिति का दावा है कि इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से 15 से 20 हजार पेंशनर शामिल होंगे। इनमें 80 से 90 वर्ष तक की उम्र के बुजुर्ग भी शामिल रहेंगे।
शिमला जिले से दो हजार से अधिक पेंशनर करेंगे कूच
समिति के अतिरिक्त सचिव भूपराम वर्मा ने बताया कि बुधवार से डोडरा क्वार, चौपाल, कोटखाई समेत शिमला जिले के विभिन्न दूरदराज क्षेत्रों से पेंशनर धर्मशाला के लिए रवाना होंगे। अकेले शिमला जिले से दो हजार से अधिक पेंशनरों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 18 पेंशनर संगठनों की ओर से सुरेश ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से बातचीत करना चाहता है। यदि मुख्यमंत्री की ओर से आधिकारिक निमंत्रण मिलता है तो पेंशनर वार्ता का स्वागत करेंगे और मुख्यमंत्री के सम्मान में आभार रैली भी निकालेंगे।