हर्षवर्धन चौहान ने यह जानकारी सोमवार को आयुष विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के लिए इन केंद्रों में विशेष प्रशिक्षित स्टाफ तैनात किया जाना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों में पंचकर्मा से उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इसको लेकर संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे जहां प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर विभाग की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने विभाग को राज्य में एकीकृत वेलनेस केंद्रों के विकास के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। हर्षवर्धन चौहान ने यह जानकारी सोमवार को आयुष विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के लिए इन केंद्रों में विशेष प्रशिक्षित स्टाफ तैनात किया जाना चाहिए।
विज्ञापन
आयुष मंत्री ने अधिकारियों को केंद्रीय मंत्रालय के समक्ष प्रस्तुत राजीव गांधी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पपरोला कांगड़ा को अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान में परिवर्तित करने के प्रस्ताव में तेजी लाने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाओं का सदुपयोग करने के लिए वर्तमान में मौजूद मानव संसाधनों का युक्तिकरण किया जाना चाहिए। इसके दृष्टिगत आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में सेवारत स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक अधिकारियों की सेवाएं आयुष अस्पतालों में ली जा सकती हैं। आयुष विभाग के सचिव राजीव शर्मा ने मंत्री को आश्वस्त किया कि विभाग पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। इस अवसर पर विभाग के निदेशक विनय सिंह, अतिरिक्त निदेशक ताशी संडुप मौजूद रहे।