पंचायतों में सुबह 7:00 से दोपहर 3:00 बजे तक मतदान हुआ। मतदाताओं ने प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के अलावा जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य के लिए वोट डाले। प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्य की गिनती मतदान समाप्त होने के बाद शुरू हुई जबकि जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य के लिए पड़े मतों की गिनती 31 मई को होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक वर्ष 2021 में पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव में 1228 पंचायतों में करीब 77 प्रतिशत मतदान हुआ था, इस बार 78.83 फीसदी मतदान हुआ है। आयोग के मुताबिक 250 जिला परिषद वार्डों और 1684 पंचायत समिति वार्डों की मतगणना 31 मई को करवाई जाएगी और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
पहले चरण में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। 28 और 30 मई को दूसरे और तीसरे चरण में मतदान होना है। 31 मई को नगर निगम और जिला परिषद बीडीसी सदस्य के नतीजे आएंगे।- अनिल खाची, राज्य निर्वाचन आयुक्त
चंबा में वार्ड सदस्य पद के चुनाव अब निर्वाचन आयोग की ओर से दी जाने वाली तिथि के अनुसार ही संभव हो पाएंगे। 26 मई को पहले चरण के तहत पंचायत के इस वार्ड में चुनाव होना निर्धारित रहा। महिला प्रत्याशी जान देई पत्नी मान सिंह की मतदान प्रक्रिया से पूर्व ही बीमारी के चलते मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद जिला निर्वाचन आयोग की ओर से वार्ड सदस्य पद के लिए दो प्रत्याशियों में से एक की मौत की सूचना प्रदेश निर्वाचन आयोग को दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि वार्ड सदस्य पद के लिए चुनाव में उतरी महिला प्रत्याशी की मौत की सूचना निर्वाचन आयोग को दे दी गई है। प्रदेश निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार ही आगामी कदम बढ़ाए जाएंगे।