परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने साफ किया है कि हिमाचल प्रदेश सरकार का निजी बस ऑपरेटरों का टैक्स माफ करने का कोई इरादा नहीं है। सरकार बस ऑपरेटरों को कुछ न कुछ राहत देने का इरादा जरूर रखती है। अब राहत क्या होगी, यह सरकार तय करेगी। बिक्रम ठाकुर ने यह बात पालमपुर दौरे के दौरान मीडिया से एक सवाल के जवाब में कही।
टैक्स माफी और वर्किंग कैपिटल घोषणा लागू न किए जाने पर निजी बस ऑपरेटर संघ सरकार के खिलाफ मुखर हो गया है। बीते सोमवार को निजी बस ऑपरेटरों ने बसों में काले झंडे लगाकर विरोध जताया था। मंडी, कांगड़ा, शिमला, हमीरपुर, रामपुर, ठियोग, बिलासपुर, चंबा, सोलन और नालागढ़ में निजी बस ऑपरेटरों की बैठक के बाद बसों में काले झंडे लगाकर विरोध जताया गया। निजी बस ऑपरेटरों ने कहा था कि घोषणा करने के बावजूद मांगें पूरी नहीं हो रही हैं। प्रदेश में करीब 3300 निजी बसें हैं। इनमें 90 प्रतिशत बसों में विरोध स्वरूप काले झंडे लगाए गए।
एक ही प्रत्याशी को मिलता है टिकट
नगर निगम चुनाव पालमपुर के लिए प्रभारी बनाए गए परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि समय आने पर हर समस्या का समाधान हो जाता है। टिकट एक प्रत्याशी को ही मिलता है। जिन कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिला, उनके लिए पार्टी ने कुछ न कुछ सोचा है। कहा कि नगर निगम चुनाव में हर जगह भाजपा कार्यकर्ता ठीक काम कर रहे हैं।
जहां जरूरत पड़ेगी, वहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के कार्यक्रम भी करवाए जाएंगे। दावा किया कि पालमपुर नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर भाजपा का ही बनेगा। बिक्रम ठाकुर के साथ वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, मंडल अध्यक्ष उपमन्यु, मीडिया प्रभारी अमर जंगी आदि मौजूद रहे।