हिमाचल प्रदेश के जिलों के प्रमुख तीन रेलवे स्टेशन पर आवागमन करने वाली छह ट्रेनों के नए नंबर जारी होने के निर्देश पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। रेलवे बोर्ड अंबाला मंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार पहली जुलाई से नए नंबर के साथ ट्रेनों ने पटरी पर दौड़ना था। इस संबंध में रेलवे ने बीते दिनों एक सूचना भी नए ट्रेन नंबर के साथ जारी की थी। अब आगामी निर्देशों तक उस सूचना पर रोक लगा दी गई है। रेलवे बोर्ड की ओर से होल्ड किए गए निर्देश के बाद अब पुराने नंबर के साथ ट्रेनें आवागमन करती रहेंगी।
ऊना की छह ट्रेनों के अलावा प्रदेश की कालका-शिमला के बीच दौड़ने वाली दो ट्रेनों के नंबर भी बदले गए थे। फिलहाल रेलवे बोर्ड ने वर्तमान शून्य के साथ शुरू होने वाले नंबर संग ही ट्रेनों को दौड़ाने का फैसला लिया है। इससे पूर्व रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की थी कि यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों की पहचान को आसान बनाने के लिए कई एमईएमयू ट्रेनों के नंबर बदले जाने थे। इसमें शून्य हटाकर नियमित नया ट्रेन नंबर 64563-64564 अंकित किया गया।
बता दें कि कोविड के समय इन ट्रेनों को पांच से सात अंकों के आधार पर तबदील किया गया था। फिर इन्हें जीरो की शुरुआत के साथ परिवर्तित कर दिया गया। जून माह में रेलवे ने जीरो नंबर को हटा नए नियमित नंबर संग ट्रेनें चलाने का फैसला भी सामने आया। बाकायदा रेलवे बोर्ड अंबाला के अधीन पड़ती कई ट्रेनों सहित ऊना की छह और कालका-शिमला के बीच चलने वाली दो ट्रेनों के नंबर बदलने की सूची जारी हुई। हालांकि नंबर बदलने के साथ ट्रेनों की समयसारिणी आदि में कोई बदलाव नहीं किया गया था। संवाद
पहली जुलाई से जीरो नंबर से चलने वाली ट्रेनों के नंबर में परिर्वतन के फैसले को फिलहाल होल्ड किया गया है। आगामी निर्देशों तक नए नंबर जारी नहीं किए जाएंगे। इसमें ऊना से अवागमन करने वाली ट्रेनें वर्तमान ट्रेन नंबर के साथ ही पटरी पर दौड़ती रहेंगी-
मनदीप भाटिया, डीआरएम रेलवे बोर्ड, अंबाला मंडल