सीसीटीवी फुटेज में दिखे आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के ऊना में शराब कारोबारी के दफ्तर से बंदूक की नोक पर 9 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। कार से पहुंचे चार शातिरों ने जिला मुख्यालय में ऊना-धर्मशाला हाईवे पर सोमवार सुबह करीब सवा आठ बजे लूट को अंजाम दिया। वारदात के वक्त अकाउंटेंट कार्यालय में कर्मचारी पैसे गिन रहे थे। दो शातिर सीधे अकाउंटेंट कार्यालय में घुस गए जबकि दो निचली मंजिल में मालिक के दफ्तर के बाहर खड़े हो गए। मालिक को भनक लगी तो हथियारों से लैस दो शातिरों ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया और लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। दो शातिरों ने ऊपरी मंजिल में कर्मचारियों की कनपटी पर बंदूक रखकर रकम लूट ली।
वारदात के बाद कर्मचारियों ने शोर मचाया तो लुटेरों के एक साथी ने हाईवे पर खुलेआम तीन राउंड फायर कर दिए, जिसमें कारोबारी का ड्राइवर बाल-बाल बच गया। सुबह के समय शहर में हुई लूटपाट की वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। सूचना मिलने के बाद एसपी अर्जित सेन ठाकुर मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी में दिख रहा है कि चारों आरोपी कार में सवार होकर आए और हथियार लहराते हुए कार्यालय में घुस गए। शराब कारोबारी राजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि दो युवकों ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया था और उनके साथ मारपीट भी की। एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि केस दर्ज कर शातिरों की तलाश तेज कर दी है। जिला सहित साथ लगते राज्यों के पुलिस थानों में भी सूचना दी गई है।
जांच के लिए टीमें गठित : सीएम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को सदन में जानकारी देते हुए कहा कि लूट मामले की जांच में पुलिस जुटी है। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। घटना में संलिप्त वाहन की तलाश के लिए टीमें गठित करके पंजाब के विभिन्न स्थानों पर भेजी गई हैं।