बद्दी के सेंट ल्यूक्स स्कूल में संस्थागत क्वारंटीन व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। 47 वर्षीय व्यक्ति दो दिन पूर्व ही डाकघर बेनिपुर, जिला केंद्रवाड़ा, उड़ीसा से पहुंचा था। नाके पर पूछताछ में उससे पास मांगा गया, जिसे वह नहीं दिखा पाया। इसके बाद उसे स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में क्वारंटीन सेंटर भेज दिया।
बताया जा रहा है सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जब वह बाथरूम जा रहा था तो अचानक गिर गया और उसकी वहीं मौत हो गई। हादसे के समय उसके हाथ में टुथब्रश था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। एहतियात के तौर पर उसका कोविड टेस्ट भी लिया गया है।
प्रशासन ने मामले में न्यायिक जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जिला दंडाधिकारी केसी चमन ने सोमवार को मामले की जांच के आदेश दिए और जांच का जिम्मा अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चंदेल को सौंपा गया है। केसी चमन ने 15 दिन में मामले की जांच पूरी करने व रिपोर्ट सौंपने की बात कही है।