हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में बद्दी-साईं मार्ग पर एक पुरानी दुकान पर ग्राहक को समोसे में छिपकली मिलने से सनसनी फैल गई। गनीमत रही कि किसी ने समोसा खाया नहीं था। हाउसिंग बोर्ड के एक दंपती शहर की पुरानी हलवाई की दुकान पर बच्चों सहित पहुंचे। परिवार को समोसे में मरी छिपकली मिली। वहीं, दुकान मालिक ने यह कहकर पल्ला झाड़ दिया कि कारीगर की गलती से ऐसा हुआ है।
भविष्य में ध्यान रखा जाएगा। गौरतलब है कि औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में दर्जनों दुकानें ऐसी हैं, जो खुले में खाने पीने की वस्तुओं की बिक्री करती हैं। हैरानी की बात है कि इतने बड़े औद्योगिक क्षेत्र में इन खुली हुई दुकानों पर रोजमर्रा की जो वस्तुएं खाने पीने की बनती हैं उनकी कभी भी संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा जांच नहीं की जाती।
यहां कुछ दुकानदार घटिया क्वालिटी के उत्पाद बेचकर लाखों रुपया इकट्ठा कर कर लोगों की सेहत के साथ सरेआम खिलवाड़ कर रहे हैं। पीड़ित दंपती ने मांग की है कि दुकानदार पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं दुकान के मालिक का कहना है कि कारीगर न होने की वजह से यह गलती हुई है। भविष्य में ऐसा नहीं होगा।