हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जारी भूस्खलन और चट्टानें गिरने का सिलसिला जारी है। पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर नूरपुर के पास न्याजपुर में एक कार पर पहाड़ी से चट्टानें आ गिरी। इस हादसे में चालक को घायल अवस्था में कार की छत तोड़कर निकाला गया। हादसे में कार चालक अवतार सिंह निवासी बडूखर (इंदौरा) की एक टांग फ्रेक्चर हुई है। उसे टांडा मेडिकल कॉलेज में दाखिल किया गया। वहीं, बारिश के बीच शिमला, सिरमौर में दो मकान ढह गए, जबकि सिरमौर के ददाहू में बस स्टैंड के भवन का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मंडी के धर्मपुर में भी दो कच्चे मकान और एक गोशाला को नुकसान हुआ है। मंडी-कुल्लू और मंडी-पठानकोट हाईवे पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित रहा। मंडी-कुल्लू के बीच पंडोह से आगे लंबा जाम लगा रहा।