शिक्षा खंड भोरंज की राजकीय प्राथमिक पाठशाला तलाई में जेबीटी के पद पर कार्यरत कंचन धीमान आइवा मिसेज इंडिया क्वीन 2021-22 बनी हैं। देश भर की 300 प्रतिभागियों को पछाड़ कर कंचन ने पहला स्थान हासिल किया है। आइवा (इंटरनेशनल एक्टिव वूमेन एसोसिएशन) इंडिया मुंबई 2015 से पूरे देश में सामाजिक कार्यों के लिए अपनी सेवाएं दे रहा है। इसकी संस्थापक दलजीत कौर हैं, जो बॉलीवुड अभिनेत्री के साथ सामाजिक कार्यों के लिए आइवा की सीईओ हैं।
मिसेज इंडिया क्वीन 2021-22 में देश की 300 प्रतिभागियों में से 30 ने प्रतियोगिता के दूसरे दौर में जगह बनाई और इन प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रदर्शन के लिए टास्क दिए गए। जिन्हें बखूबी पूरा करते हुए कंचन धीमान ने टॉप-10 में जगह बनाकर फाइनल में प्रवेश किया। इस प्रतियोगिता का फाइनल 17 जनवरी को ऑनलाइन हुआ। जिसमें कंचन धीमान विजेता बनी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय दलजीत कौर, पूर्णिमा जंवाल और परिवार को दिया।
इनके पति राजेश धीमान डीआरडीए हमीरपुर में सहायक नियंत्रक के पद पर कार्यरत हैं। कंचन को मोस्ट टेलेंटिड वुमन के खिताब से भी नवाजा गया है। प्राथमिक शिक्षक संघ जिला हमीरपुर के प्रधान रजनीश ठाकुर, खंड प्रधान राजेश धीमान, महासचिव राजेंद्र कुमार ने अध्यापिका को पूरे संघ की ओर से बधाई दी है। वहीं भोरंज स्कूल के ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के संस्थापक देवेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष बलवंत ठाकुर, प्रधानाचार्य अनिल डोगरा, सचिव किशोर आजाद ने भी कंचन को बधाई दी है।