किसान आंदोलन के बीच परिवहन निगम ने दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। पर्यटकों और हिमाचल के लोगों की मांग के चलते यह फैसला लिया गया है। ऑन ट्रायल प्रदेश के 5 जिलों से 6 बसें भेजी जा रही हैं। ये बसें शिमला आईएसबीटी, मनाली, हमीरपुर, धर्मशाला और नालागढ़ से चलाई जा रही हैं।
सभी क्षेत्रों से फिलहाल 1-1 बस ट्रायल पर भेजी जा रही है, जबकि हमीरपुर से दो बसें दिल्ली जाएंगी। दिल्ली के लिए ये बसें अंबाला समीप मुर्थल और शारदा मार्ग से होते हुए भेजी जा रही हैं, जिससे अधिक समय तो लगेगा, लेकिन ये बसें दिल्ली पहुंचेंगी। किसान आंदोलन के चलते हिमाचल से दिल्ली बस सेवाएं बंद थीं।