शहीद रोहिन कुमार अमर रहे...पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों के साथ पूरा गलोड गूंज उठा। रोहिन की पार्थिव देह शनिवार 4 बजकर 40 मिनट पर पठानकोट से सेना के चॉपर से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी हमीरपुर के हैलीपेड पर पहुंची। यहां पर एडीएम जितेंद्र सांजटा, एसडीएम डॉ. चिरंजी लाल चौहान, डीएसपी जसवीर कुमार, एसएचओ संजीव गौतम समेत पुलिस और सेना के जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
एनआईटी से पार्थिव देह को गलोड पहुंचाया गया। गांव में शहीद की पार्थिव देह पहुंचते ही सैकड़ों की संख्या में सड़क के किनारे खड़े लोगों ने शहीद पर फूल बरसाए और शहीद रोहिन कुमार अमर रहे, देश के सपूत तुझे सलाम..पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। घर के आंगन में जैस ही पार्थिव देह पहुंची तो माता, पिता, बहन, ताया और ताई समेत अन्य परिजन बेसुध हो गए। इसके बाद श्मशानघाट पर पठानकोट से आई सेना की टुकड़ी और पुलिस के जवानों ने शहीद रोहिन को सलामी दी।
शहीद रोहिन कुमार का पूरे सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। रोहिन कुमार के पार्थिव शरीर को उनके चचेरे भाई (ताया के लड़के) मोहित कुमार ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर कैप्टन रूपेश राठौर के नेतृत्व में सेना की टुकड़ी ने सैन्य परंपराओं के अनुसार शहीद को सलामी देते हुए अंतिम विदाई दी।
बंद रहा गलोड़ बाजार
आदर्श व्यापार मंडल गलोड़ ने शहीद रोहिन कुमार की शहादत पर शनिवार को गलोड़ बाजार बंद रखा। बुधवीं चौक पर समस्त व्यापारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापार मंडल के प्रधान कमल सोनी ने गलोड़ बाजार को 3 बजे बंद करने के दिशा निर्देश दिए।
सभी दुकानदारों ने बुधवीं चौक पर खड़े होकर शहीद को सलामी दी। इस मौके पर आसपास के गांवों के लोग भी उपस्थित रहे। स्थानीय दुकानदारों में सुनील कुमार, अशोक कुमार, देशराज, करनैल सिंह, रमेश कुमार, होशियार सिंह, पवन कुमार, प्रकाश चंद, शशि कुमार, अरविंद कुमार, विजय कुमार, राजकुमार, राकेश कुमार, नरेश कुमार, सतीश कुमार आदि उपस्थित रहे।