फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: चंबा में आग लगने से दो बच्चों समेत माता-पिता की दम घुटने से मौत

Tue, 30 Mar 2021 01:29 AM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला नेटवर्क, चंबा
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के सुईला गांव में रविवार देर रात लकड़ी के दोमंजिला मकान में आग लगने से इसके भीतर सो रहे दो बच्चों और उनके माता-पिता की दम घुटने से मौत हो गई है। आग से नौ मवेशियों की भी मौत हुई है। विकराल हुई आग की लपटों के बीच दादी ने जान पर खेलकर अपने पोते को सीने से लगाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग कैसे लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन जांच कर रहे हैं। रविवार को उपायुक्त चंबा ने प्रभावित गांव में पहुंच कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया और आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए।  

विज्ञापन


  जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत जुनांस के सुईला गांव के देसराज (30) पुत्र चुनी, डोलमा (25) पत्नी देसराज, रितिक ठाकुर (5) पुत्र देसराज, मनोज ठाकुर (3) पुत्र देसराज रोजमर्रा की तरह रात को खाना खाने के बाद कमरे में सो गए। उनका बड़ा बेटा सात वर्षीय नितिन ठाकुर अपनी दादी आलमो देवी के साथ दूसरे कमरे में सोने चला गया। रविवार रात 11 बजे अचानक दो मंजिला मकान के बाहरी हिस्से में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। आग की लपटों को देख ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाल्टियों में पानी भरकर और मिट्टी डालकर आग को बुझाने का प्रयास किया।

साथ ही चुराह प्रशासन, अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचित किया। इसी बीच आग की लपटों से बचकर दादी आलमो देवी अपने पोते को सीने से लगाए बाहर निकल आई। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे देररात आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक मकान के भीतर कमरे में सो रहे देसराज, डोलमा, रितिक ठाकुर और मनोज ठाकुर की दम घुटने से मौत हो गई थी। साथ ही एक बकरी, आठ गायों की भी दम घुटने से मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मकान के बाहरी हिस्से में लगी आग से उठे धुएं से भीतर सो रहे लोगों की दम घुटने से मौत हुई है।
विज्ञापन


सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की गाड़ी घटनास्थल के लिए रवाना हुई, लेकिन जुनास से आगे सड़क न होने पर गांव तक नहीं पहुंच पाई। इस अग्निकांड में लकड़ी के दो मंजिला मकान सहित घर में रखा सारा सामान जल गया है। पंद्रह लाख के करीब नुकसान होने का अनुमान है। सोमवार को पैतृक श्मशानघाट पर मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने बताया कि सुईला गांव में दो मंजिला मकान में आग लगने से दो बच्चों, उनके माता-पिता सहित नौ मवेशियों की दम घुटने से मौत हुई है। 

मुख्यमंत्री ने हर संभव सहायता के दिए आदेश  
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और विस उपाध्यक्ष डॉ. हंसराज ने प्रभावित परिवार की हर संभव सहायता के जिला प्रशासन को आदेश जारी किए। तहसीलदार चुराह ने प्रभावित परिवार को पचास हजार रुपये की फौरी राहत सहित राशन, बिस्तर और बर्तन मुहैया करवाए हैं।
विज्ञापन

  
 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें