डलहौजी(चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में आखिरकार दो माह का सूखा रविवार को समाप्त हो गया। रविवार को काफी संख्या में सैलानियों की भीड़ पर्यटन नगरी डलहौजी पहुंची। करीब 70 प्रतिशत होटल पैक हो गए। पर्यटकों की तादाद देख होटल कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं। उन्हें अच्छे कारोबार की उम्मीद जग गई है। पिछले करीब डेढ़ से दो माह में पर्यटक डलहौजी से रूठ गए थे। लेकिन होली का त्योहार लोगों के लिए रंगों के साथ खुशी लेकर आया है। हालांकि, होली मनाने के लिए प्रशासन ने गाइडलाइन जारी की है।
इसके तहत सार्वजनिक स्थलों में होली नहीं खेली जाएगी। परिवार संग ही लोग होली मना पाएंगे। खासकर पंजाब से काफी संख्या में पर्यटक परिवार संग छुट्टियां बीताने पहुंचे हैं। गौरतलब है कि इस बार सर्दियों में भी डलहौजी में पर्यटन कारोबार रफ्तार नहीं पकड़ पाया। एक-दो बार ही बर्फबारी हुई। फरवरी माह में पर्यटक तो पहुंचे थे लेकिन बर्फबारी न होने के वजह से पर्यटक मायूस हो गए और एक से दो दिन ही डलहौजी में बीताएं।
होटल व्यवसायी अमन महेंद्रू, दीपक, करन ने बताया कि पिछले काफी समय से मंदी की मार पड़ रही थी लेकिन अब होली में पर्यटक पहुंचे हैं। इससे उन्हें काफी राहत मिलेगी।