पतलीकूहल के 16 मील और मनाली के सोलंगनाला में शनिवार रात को आग की दो घटनाओं में लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। 16 मील में बने दो स्टोर रूम और एक स्कूटी जल गए हैं। स्टोर रूम के भीतर रखे व्यावसायिक गैस के पांच सिलिंडर भी फटे हैं। हालांकि, इसमें जानी नुकसान नहीं हुआ है।
पीड़ित पिंटू शर्मा निवासी वजोगी को लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। स्टोर रूम से सटे पांच कमरों के रेस्तरां में भी आग भड़क गई, जिसमें कमला देवी निवासी लीगन को 12 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। सोलंगनाला में भी एक रेस्तरां राख हो गया है।
इस रेस्तरां को नवीन कुमार निवासी वायर जिला मंडी, रामजी गुप्ता निवासी डूंगरी मनाली और किशोर कुमार कश्यप निवासी भजोगी कुल्लू संयुक्त रूप से लीज पर चलाते थे। इस घटना से रेस्तरां में रखा सारा सामान जल गया है, जिससे करीब 41 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। अग्निशमन पतलीकूहल के प्रभारी छापे राम ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम को मौके पर भेज दिया था। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है।