हिमाचल प्रदेश में युवा, महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों के लिए विधायक निधि से वित्तीय मदद की बहाली कर दी गई है। अब विधायक क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत इन संस्थाओं को 50 हजार रुपये तक की धनराशि जारी कर सकेंगे। इसके लिए विभिन्न शर्तों की अनुशंसा की गई है। इससे पहले इस धनराशि को जारी करने पर रोक चल रही थी।
पंचायतों के माध्यम से नहीं, बल्कि डीसी और बीडीओ सीधे इन मंडलों और संस्थाओं को धन दे सकेंगे। विधायक यह धनराशि प्रति पंजीकृत महिला मंडला को बर्तन और फ र्नीचर के लिए देंगे। युवक मंडलों को खेल सामग्री और खेल उपकरण दिए जाएंगे। स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इन्हीं कार्यों के लिए अधिकतम 50 हजार रुपये की धनराशि का लाभ दिया जाएगा। महिला मंडल, युवा मंडल और स्वयं सहायता समूहों को उनके अस्तित्वकाल में अधिकतम 50 हजार रुपये तक की सहायता राशि इसी निधि से दी जाएगी।
यदि किसी युवा मंडल, महिला मंडल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं को 50 हजार रुपये से कम धनराशि अनुशंसित की हो तो विधायकों की तरफ से 50 हजार रुपये तक अधिकतम सीमा तक यह धनराशि मंजूर की जा सकेगी। संस्तुति की राशि पंचायतों को नहीं भेजी जाएगी। अनुशंसित धनराशि से सूचीबद्ध सामग्री की खरीद नियमानुसार ही करनी होगी।