सेब की गाला वैरायटी ने मार्केट में धूम मचा दी है। ठियोग की पराला फल मंडी में डार्क बेरॉन गाला क्वालिटी का सेब 200 रुपये किलो की रिकॉर्ड कीमत पर बिका है। इस सीजन में अब तक सेब की गाला वैरायटी को मिले यह के सबसे अधिक दाम है। ठियोग के बनाहर छैला निवासी विशाल वेक्टा पराला मंडी में दस-दस किलो के 15 हॉफ बॉक्स लाए थे।
जिसकी इन्हें प्रति बक्सा 2000 रुपये कीमत मिली। 20 किलो के बॉक्स की दो तहों में 50 सेब पैक किए गए थे। सेब का हर दाना करीब 200 से 250 ग्राम का था। पराला मंडी में चौहान ब्रदर्स (46) फर्म के संचालक निशांत चौहान ने विशाल वेक्टा का सेब बेचा। उन्होंने बताया कि गहरे लाल रंग और सुंदर आकार की वजह से इस सेब को बहुत बढ़िया रेट मिले।
सूरत के मॉल, फाइव स्टार होटलों में बिकेगा यह सेब
डार्क बेरॉन गाला सेब की क्वालिटी बहुत बढ़िया थी। रंग और वजन में सेब ‘ए’ ग्रेड था। पराला मंडी में यह सेब गुजरात के कारोबारी ने खरीदा। अब यह सेब सूरत के बड़े शापिंग कांप्लेक्स, मॉल और पांच सितारा होटलों में बिकेगा।
इटली की गरीबा नर्सरी से आयात की यह वैरायटी
डार्क बेरॉन गाला सेब की विदेशी वैरायटी है। इसे हिमाचल में इटली की गरीबा नर्सरी से आयात किया गया है। बागवान विशाल वेक्टा ने बताया कि अप्रैल 2019 में उन्होंने उच्च घनत्व वाले अपने बगीचे में इस वैरायटी को एम-9 रूट स्टॉक पर लगाया था। दूसरे ही साल इस वैरायटी ने सैंपल दे दिया। 250 पेड़ का नया बगीचा तैयार किया है जिसमें 60 पेड़ डार्क बेरॉन गाला किस्म के हैं।