ऊना जिले के लोअर भंजाल के 20 वर्षीय युवक ने सेना में रिक्रूटमेंट के दौरान आत्महत्या कर ली। युवक के इस तरह का कदम उठाने से उसके परिजन, पड़ोसी और रिश्तेदार हैरान हैं। नीतीश कुमार पुत्र ओंकार सिंह वार्ड-5 निवासी लोअर भंजाल तीन माह पहले ही सेना में भर्ती हुआ था। अभी रिक्रूटमेंट में चल रहा था। वह लॉकडाउन के दौरान ऊना में ही खुली भर्ती के दौरान सेना में भर्ती हुआ था।
सेना की 12 डोगरा रेजिमेंट के फैजाबाद सेंटर में प्रशिक्षण ले रहा था। घरवालों से बात करने के लिए रविवार के दिन प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को मोबाइल दिए जाते हैं। बीते दिन नीतीश ने भी अपने परिवार के साथ करीब तीन घंटे तक बातचीत की। इस दौरान भी उसने किसी तरह की परेशानी होने की बात नहीं कही।
सोमवार सुबह सेना की ओर से परिजनों को उसके आत्महत्या करने की सूचना दी गई। लोअर भंजाल पंचायत प्रधान सुरेंद्र भूषण ने बताया कि गांव के लोग हैरान हैं। उन्हें सोमवार सुबह ही इसकी सूचना मिली है। नीतीश के दादा भी सेना में थे। नीतीश ने पिछले कल अपने घर में परिवार सदस्यों से बातचीत की और किसी तरह की कोई परेशानी जाहिर नहीं की। एक ही रात में ऐसा क्या हो गया कि आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ गया।