कांगड़ा से विधायक रघुवीर बाली या डॉ. राजेश शर्मा पर हाईकमान दांव खेलने की तैयारी में है। इसी हफ्ते के अंत तक कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए हमीरपुर और कांगड़ा के प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कमेटी को लोकसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री या उनकी बेटी आस्था अग्निहोत्री को हमीरपुर संसदीय सीट से चुनाव लड़ाने की सिफारिश की थी लेकिन अग्निहोत्री ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया है। ऐसे में कांग्रेस के पास अब दोबारा से पूर्व विधायक सतपाल रायजादा को ही प्रत्याशी बनाने का विकल्प बचा है।
उधर, नगरोटा बगवां से कांग्रेस विधायक रघुवीर सिंह बाली ने भी बीते दिनों पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर चुनाव को लेकर अपनी भावनाओं से अवगत कराया था। उन्होंने लिखा था कि चुनाव लड़ाने को लेकर फैसला लेने से पहले मुझे विश्वास में लिया जाए, ऐसे में पार्टी अब क्या फैसला लेती है, इस पर सभी नजरें टिकी हैं। देहरा से विस चुनाव लड़ चुके डॉ. राजेश शर्मा को भी कांगड़ा संसदीय सीट से चुनाव लड़ाने का विचार किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि हर समीकरण को ध्यान में रखते हुए पार्टी विचार विमर्श कर रही है।