केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
- फोटो : PTI
देहरा और धर्मशाला में बनने वाले केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) परिसर के लिए वित्त मंत्रालय ने 740.79 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है। सीयू के लिए जमीन को लेकर नेताओं की जुबानी धींगामुश्ती के बाद यह राशि जारी हुई है। प्रदेश में सीयू की स्थापना के लिए 2020-21 से तीन वर्षों की टाइमलाइन यानी वर्ष 2022-23 प्रस्तावित है, जिसकी लागत 740.79 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित थी।
740.79 करोड़ की इस राशि में 512.37 करोड़ रुपये देहरा व धर्मशाला में स्थायी परिसर के निर्माण के लिए और 210.55 करोड़ रुपये रखरखाव पर खर्च होंगे। 2020-21 से 2022-23 की अवधि के दौरान बजट अनुदान से सीयू के लिए 512.37 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने इसकी मंजूरी की पुष्टि करते हुए कहा कि 2010 से ही वह प्रदेश में सीयू की स्थापना के लिए प्रयासरत हैं। अब प्रदेश के छात्रों को अच्छी शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए राज्य से बाहर का रुख नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के देहरा विधानसभा एवं कांगड़ा के धर्मशाला में सीयू निर्माण के लिए वित्त मंत्रालय ने प्रस्तावित 740.79 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी जताया।