चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर भोजपुर में एक तेज रफ्तार स्कूटी पेड़ से टकराने से उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई है। एक बिलासपुर जिला के घुमारवीं व दूसरा हमीरपुर के पनोह गांव का रहने वाला था। युवक सुंदरनगर में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आए थे।
पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम करवा के परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक विवाह समारोह में शामिल होने आए ऋषि कुमार (28) पुत्र प्रकाश सिंह चंदेल निवासी पनोह तहसील घुमारवीं और राजीव (25) पुत्र जगन्नाथ निवासी डुगली तहसील भोरंज रात करीब दो बजे स्कूटी (एचपी23सी/5336) पर सवार हो सुंदरनगर की ओर आ रहे थे।
जब वह जवाहर पार्क के निकट पहुंचे तो उनकी स्कूटी सड़क किनारे लगे सफेद के पेड़ से जोर से टकराई। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल में लाया गया।
जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया स्कूटी की तेज रफ्तारी के कारण ही यह हादसा पेश आया है। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।