जिला किन्नौर के बटसेरी में 20 दिन के भीतर नया पुल तैयार किया जाएगा। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सांगला-छितकुल मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़क के 300 मीटर हिस्से की भी जल्द मरम्मत की जाएगी। चीन-तिब्बत बॉर्डर पर भारतीय सेना और आईटीबीपी की तीन पोस्टें हैं। इन पोस्टों के लिए इसी मार्ग से सामग्री भेजी जाती है। लिहाजा, सरकार इस मार्ग को खोलने में देरी नहीं करना चाहती है। बीते रविवार को पहाड़ से चट्टानें गिरने की वजह से करोड़ों का पुल टूट गया है, जिससे बटसेरी गांव का देश-दुनिया से संपर्क कट गया है।
लोक निर्माण विभाग शिमला मैकेनिक यार्ड से बुधवार सुबह नए पुल का सामान बटसेरी के लिए भेजा जाएगा। लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुभाशीष पांडा ने बताया कि 20 दिन के भीतर नया पुल तैयार हो जाएगा। सेना के अलावा पर्यटकों और बागवानों के लिए भी सांगला-छितकुल मार्ग महत्वपूर्ण है। इन दिनों सेब सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में सरकार पुल और सड़क को बहाल करने में देरी नहीं करेगी।