जिला प्रशासन की अगुवाई में हादसे के मृतकों को घटनास्थल से बाहर निकालने के लिए करीब 4 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से सांगला से छितकुल की ओर वाहनों और लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।
पुलिस थाना सांगला से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह से सांगला-छितकुल संपर्क मार्ग पर बटसेरी के पास गुंसा पहाड़ी से चट्टानों का दरकना शुरू हो गया था। रविवार को भी यह सिलसिला जारी रहा। दोपहर करीब 1:09 बजे छितकुल से सांगला की ओर आ रही ट्रैवलर पहाड़ी से गिर रहे बड़े-बड़े पत्थरों की चपेट में आ गई।
इस हादसे में नौ पर्यटकों की मौत हो गई है, जबकि दो पर्यटक और एक स्थानीय व्यक्ति हादसे में घायल हो गया है। गाड़ी बुरी तरह चकनाचूर हो गई। ये पर्यटक दिल्ली से शनिवार को किन्नौर के छितकुल पहुंचे थे। हादसे की सूचना मिलते ही बटसेरी, रक्षम और सांगला से स्थानीय युवक, आईटीबीपी, होमगार्ड, पुलिस, प्रशासन, आपदा प्रबंधन, जेएसडब्ल्यू परियोजना के बचाव दल की रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची।
विधायक जगत सिंह नेगी ने भी रेस्क्यू कार्य में हाथ बंटाया। स्थानीय लोगों के दो वाहन भी चट्टानों की चपेट में आ गए हैं। उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि चट्टानें दरकने के कारण अभी भी खतरा बना है, जिसे देखते हुए सांगला से छितकुल की ओर वाहनों और आमजन की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। उधर, एसपी किन्नौर एसआर राणा ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए आवाजाही रोकने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई है।
मृतकों की सूची
1. प्रतिक्षा (27) पुत्री सुनील पाटिल, क्वार्टर नंबर सी2/1 एट सद्भावना नगर, डाकघर पतनसाबंगी, तहसील साओनेर पतनसाबंगी, नागपुर महाराष्ट्र
2. अमोघ बापत (27) पुत्र प्रशांत बापत, आरओ बी-02 एचटीपीएस कालोनी, अन्नपूर्णा विहार, कोरबादारी, छत्तीसगढ़,
3. सतीश कटकबार (34) पुत्र एमएल कटकबार, निवासी छत्तीसगढ़
4. उमराव सिंह (42) पुत्र जुगल किशोर, आरओ ए-8-ए 1040 रघुबीर नगर, टैगोर गार्डन, वेस्ट दिल्ली
5. कुमार उलहास वेदपाठक (37)
6. अनुराग बियानी (31) पुत्र नंद किशोर बियानी, आरओ प्रशर्थ मार्ग बजाज रोड मधोगंज, सिकर राजस्थान
7. माया देवी बियानी (55) पत्नी नंद किशोर बियानी, आरओ प्रशर्थ मार्ग बजाज रोड मधोगंज, सिकर राजस्थान
8. रीचा बियानी (25) पुत्री नंद किशोर बियानी, आरओ प्रशर्थ मार्ग बजाज रोड मधोगंज, सिकर राजस्थान
9. दीपा शर्मा (34) पुत्री राम भरोसे, आरओ 66/98 हीरापथ, मनसा रोबर, जयपुर राजस्थान
घायलों के नाम
शिरील ओबरॉय (39) पुत्र अशोक ओबरॉय, आरओ 16/29 मोतीनगर, रमेशनगर, एचओ वेस्ट दिल्ली
नवीन भारद्वाज (37) पुत्र बलबीर सिंह, आरओ हाउस नंबर 1192 रंजीत नगर, सेक्टर-11, खरड़, जिला मोहाली पंजाब
रंजीत सिंह (45), पुत्र स्व. मालबर, गांव व डाकघर बटसेरी, तहसील सांगला, किन्नौर, हिमाचल प्रदेश