बीसीसीआई की महिला सीनियर टी-20 ट्रॉफी के सेमीफाइनल में बारिश और एक गेंद कम हिमाचल की बालाओं के साथ खेल कर गई। इससे हिमाचल की महिला टीम का फाइनल में पहुंचने का सपना भी अधूरा रह गया। बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुरुवार को हिमाचल और बंगाल के बीच सेमीफाइनल मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल टीम ने अभी 11 ओवर ही खेले थे कि बारिश हो गई। इसके बाद मैच शुरू हुआ तो रेफरी ने मैच 13 ओवर का कर दिया। हिमाचल टीम चार विकेट खोकर 13 ओवर में 79 रन ही बना पाई।
बंगाल टीम ने पांचवें ओवर की अंतिम गेंद से पहले तीन विकेट पर 29 रन बनाए थे कि बारिश के कारण दोबारा मैच को रोकना पड़ा। इसके बाद मैच शुरू नहीं हो पाया। पांचवां ओवर पूरा हो जाता तो डकवर्थ-लुईस नियम लागू होने से हिमाचल टीम जीत सकती थी। इसके बाद सबसे ज्यादा लीग मैच जीतने वाली बंगाल की टीम फाइनल लिए क्वालीफाई कर गई।
ऐसे बाहर हुई हिमाचल की टीम
हिमाचल टीम छह लीग मैचों में से चार मैच ही खेल पाई थी। पहले दो मैच बारिश के कारण रद्द हो गए थे। अगले चार लीग मैचों में टीम ने तीन मैच जीते थे। दूसरी ओर, बंगाल टीम ने छह लीग मैच खेले थे। इसमें चार मैच जीते थे। लीग मैचों में एक मैच अधिक जीतने के कारण बंगाल टीम फाइनल के क्वालीफाई कर गई।
बारिश के कारण बंगाल के साथ सेमीफाइनल मैच पूरा नहीं होने से हिमाचल टीम को बाहर होना पड़ा। अगर बारिश खलल नहीं डालती तो हिमाचल की खिलाड़ी मैच में जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लेेती। हिमाचल की खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीता है।- अवनीश परमार, सचिव, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन
उधर, खेलो इंडिया जूनियर महिला वॉलीबाल चैंपियनशिप के दूसरे दिन चार मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में सात राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। चैंपियनशिप में सभी टीमें लीग मैच खेल रही हैं। दूसरे दिन हिमाचल की टीम ने अपना लीग मैच जीत लिया है। दूसरे दिन के पहले लीग मैच में तमिलनाडु ने गुजरात को 3-0 से हराया। दूसरा मैच हिमाचल और हरियाणा के मध्य खेला गया। इसमें हिमाचल ने हरियाणा को 3-0 से पराजित किया।
तीसरे मैच में केरल ने कर्नाटक को 3-1 से परास्त किया। चौथे मैच में साई की टीम ने गुजरात को 3-0 से हराया। पांचवां मैच कर्नाटक और हरियाणा के मध्य हुआ। देर शाम तक मैच खेला गया। इसमें कर्नाटक ने हरियाणा को 3-1 से हराया। रोहडू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश चौहान ने बताया कि चैंपियनशिप में गुरुवार को पांच मैच खेले गए। प्रतियोगिता का समापन छह नवंबर को होगा। पहली बार हिमाचल में खेलो इंडिया स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है।