हिमाचल के कुल्लू से रेफर कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला का नेरचौक मेडिकल कॉलेज में शनिवार को सफल प्रसव करवाया गया है। इस पेचीदे मामले में टीम ने समय रहते सूझबूझ से सिजेरियन प्रसव किया। महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया है। शिशु की पहली कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। दूसरी बार कोरोना सैंपल 17 अगस्त को लिया जाएगा। यदि ये सैंपल भी निगेटिव आता है तो शिशु को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
हिमाचल में कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला के प्रसव का यह पहला मामला है। महिला को कुल्लू से 14 अगस्त को रेफर किया था। नेरचौक मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर जीवानंद चौहान ने बताया कि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनु नामग्याल, डॉ. सुशील, डॉ. चारुल राय, स्टाफ नर्स भारती, ओटीए सोनिका ने सफल प्रसव करवाया। महिला ने 3.4 किलोग्राम शिशु को जन्म दिया। जिसे बाल रोग विशेषज्ञ की देखरेख में रखा गया है।