हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश देव दर्शन सूद के निधन पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सूद के निधन के चलते बुधवार को बार एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए अदालती कामकाज को बंद रखा। पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने मंगलवार शाम को पीजीआई में आखरी सांस ली। बुधवार को उनके पार्थिव शरीर को शिमला लाया गया और राजकीय सम्मान के साथ उनका दाह संस्कार कलनोग में किया गया। अंतिम संस्कार में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया, न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर, न्यायाधीश अजय मोहन गोयल, न्यायाधीश संदीप शर्मा, न्यायाधीश सत्येन वैद्य, न्यायाधीश रंजन शर्मा, न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह, न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी, न्यायाधीश जिया लाल भारद्वाज, रोमेश वर्मा मौजूद रहे। प्रदेश सरकार के महाधिवक्ता अनूप रत्न, भारत सरकार की ओर से डिप्टी सॉलिसिटर जनरल बलराम शर्मा और वरिष्ठ अधिवक्ताओं सहित अन्य वकीलों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।