हिमाचल की जयराम सरकार 93 हजार करोड़ के निवेश को जमीन पर उतारने के लिए विधानसभा में विधेयक लाएगी। यह विधेयक अगले महीने दिसंबर में धर्मशाला में होने वाले शीत सत्र में लाया जाएगा। उद्योगपतियों के सहयोग के लिए परियोजना कार्यान्वयन एजेंसी (पीआईए) गठित होगी। धर्मशाला में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के बाद सरकारी स्तर पर इसके नियम बनाने की प्रक्रिया सरकार ने शुरू कर दी है।
इस एजेंसी में उद्योग विभाग के कुछ अफसर और विभिन्न कंपनियों के युवाओं को शामिल किया जाएगा। एजेंसी को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लीड करेगा। यह कंपनी सीधे प्रदेश सरकार यानी मुख्यमंत्री कार्यालय एवं मुख्य सचिव कार्यालय को रिपोर्ट करेगी। इस एजेंसी में युवाओं का भी प्रतिनिधित्व रहेगा। इससे ये लोग उद्योगपतियों के काम निपटाने में सहयोग करेंगे। प्रदेश सरकार का मानना है कि हिमाचल में करोड़ों रुपये का निवेश करने वाली कंपनियों को परेशानी में नहीं डाला जाएगा।