चंबा जिले के आदर्श कन्या स्कूल में शिक्षक ने ‘ईमानदारी स्टोर’ खोल कर अनोखी पहल की है। इस स्टोर से छात्राएं जरूरत का सामान स्वयं लेकर गल्ले में इसका भुगतान करतीं हैं। यहां पर सामान के पैसे लेने के लिए कोई भी तैनात नहीं हैं। छात्राएं अपनी जरूरत के हिसाब से सामान लेकर साथ रखे बॉक्स में कीमत अनुसार पैसे रख देती हैं। इतना ही नहीं पैसों के लिए बनाए गए बॉक्स में ताला तक नहीं लगाया गया है। इसका मकसद छात्राओं से छुट्टे पैसों का हिसाब-किताब स्वयं करवाना है।
इस तरह खरीदारी कर छात्राएं खुद ही जमा-घटाव का ज्ञान भी अर्जित कर रही हैं। साथ ही ईमानदारी का पाठ भी पढ़ रहीं हैं। इस स्टोर में छात्राओं की पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी वस्तुएं कॉपी, पेन, पेंसिल, गोंद, फाइल कवर, कला विषय के लिए रंग, शीट्स, लड़कियों के लिए सेनेटरी नेपकिन इत्यादि पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी वस्तुएं रखी गई हैं। इस स्टोर का संचालन स्वयं छात्राएं ही करती हैं। आदर्श राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा के शारीरिक शिक्षक मोहम्मद शेख की पहल से यह सब संभव हो पाया है। स्टोर से छात्राएं बिना किसी से पूछे अपनी जरूरत की चीजें लेतीं हैं।