आयुर्वेद विभाग में हुई खरीद-फरोख्त के घोटाले के बाद उठे विवाद के बीच प्रदेश सरकार ने आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता से आयुर्वेद विभाग छीन लिया है। अब वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राम सुभग सिंह को इस महकमे का अतिरिक्त कार्यभार दिया है।
गुरुवार को इस संबंध में आदेश भी जारी हो गए। दरअसल, एक कर्मचारी ने कई आरोप लगाते हुए एसीएस संजय गुप्ता की भूमिका की जांच करने की मांग की थी। इस संबंध में उसने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र भी लिखा था।
पत्र बम के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने हाल ही में कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो मामले की विजिलेंस जांच कराई जाएगी। हालांकि अभी उस जांच पर फैसला नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि विवाद शांत करने के लिए गुप्ता से महकमा वापस ले लिया है।
इसके साथ ही सरकार ने त्रिपुरा से इंटर कैडर ट्रांसफर पर हिमाचल आईं सोनाक्षी सिंह तोमर को एसडीएम बिलासपुर और एसडीएम बिलासपुर नरेंद्र कुमार प्रथम को संयुक्त निदेशक डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन लगाया है।
वहीं, एचएएस अधिकारी यादविंदर पॉल के कंपलसरी प्रोफेशनल ट्रेनिंग पर जाने के चलते एएसओ शिमला गिरीश सकलानी को संयुक्त निदेशक भाषा कला एवं संस्कृति विभाग व जीएम प्रदेश कौशल विकास निगम सन्नी शर्मा को हिमकॉस्ट का संयुक्त सदस्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।