हिमाचल प्रदेश सरकार जल्द निजी क्षेत्र में सात नर्सिंग संस्थान खोलने जा रही है। इसमें तीन नर्सिंग कॉलेज और चार नर्सिंग स्कूल हैं। प्रदेश सरकार ने निजी संस्थान संचालकों से टेंडर मांगे हैं।
वहीं, इसी शैक्षणिक सत्र से पांच अन्य बीएससी नर्सिंग कॉलेज, एक स्नातकोत्तर बीएससी नर्सिंग कॉलेज और दो जीएनएम स्कूल खोलने की अनुमति देने पर भी सरकार विचार कर रही।
प्रदेश सरकार ने मंडी, चंबा और जोगिंद्रनगर में तीन बीएससी नर्सिंग कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। जबकि शिमला जिले के रोहड़ू, मंडी के मंडी शहर, सरकाघाट और सुंदरनगर में चार जीएनएम स्कूल खोलने का फैसला लिया है। यह संस्थान निजी क्षेत्र की मदद से खोले जाएंगे।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि एसडीएम स्तर की समितियों को इन स्थलों पर भारतीय नर्सिंग परिषद के नियमों के अनुरूप भौतिक अधोसंरचना, श्रमशक्ति तथा उपकरणों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
उधर, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य, विनीत चौधरी ने बताया कि निजी क्षेत्र में नर्सिंग संस्थान खोलने का निर्णय लिया है।
दो संस्थान शुरू, दो इसी सत्र से
कांगड़ा के शाहपुर और नूरपुर में निजी क्षेत्र में 30-30 सीटों की वार्षिक प्रवेश क्षमता वाले दो एएनएम स्कूल 2013-14 शैक्षणिक सत्र से शुरू हो गए हैं।
भारतीय नर्सिंग परिषद ने शैक्षणिक सत्र 2014-15 से शाहपुर में 40 सीटों की वार्षिक प्रवेश क्षमता वाले एक और बीएससी नर्सिंग कॉलेज, जिला सिरमौर के बडू साहिब में 20 सीटों की वार्षिक प्रवेश क्षमता वाले एक एमएससी नर्सिंग कॉलेज खोलने की स्वीकृति प्रदान की है।
ये संस्थान इसी सत्र से शुरू हो जाएंगे। निजी क्षेत्र के अलावा आईजीएमसी सिस्टर निवेेदिता नर्सिंग कॉलेज में स्नातकोत्तर बेसिक बीएससी नर्सिंग की 30 छात्राएं प्रशिक्षण ले रही हैं।