मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद न मिलने पर आईजीएमसी में गरीब आदमी के हार्ट का ऑप्रेशन रुक गया है। मंडी जिले के गोहर उपमंडल की खारशी पंचायत निवासी हंसराज पिछले दो माह से आश्वासन ही मिल रहे हैं।
पढ़ें, मुक्केबाजी में उमेश पर भारी पड़े रोहड़ू के अनुज
इससे वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इससे गरीब परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीड़ित हंसराज ने मुख्यमंत्री राहत कोष से हार्ट के ऑप्रेशन को करीब 1.65 लाख की आर्थिक मदद के लिए प्रार्थना पत्र दिया था।
सीएम कार्यालय से केस डीसी मंडी के कार्यालय में वेरिफिकेशन के लिए आया। उपायुक्त ने केस को वेरिफिकेशन के लिए एसडीएम गोहर के पास भेजा। इसके बाद उपायुक्त ने पूरी रिपोर्ट सीएम कार्यालय को भेजी। बावजूद इसके हंसराज का फाइनेंशियल एसिस्टेंस का केस फाइलों में ही घूमता रहा।
हंसराज के भतीजे योगिंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री कार्यालय जाकर केस को जल्द निपटाने की गुहार लगाई, मगर आश्वासन ही मिला।
दिल की बीमारी से पीड़ित हंसराज के पुत्र महेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने उन्हें उसके पिता को ऑप्रेशन के लिए भर्ती होने को तो कहा, मगर आर्थिक मदद को स्वीकृत नहीं किया। बाद में केस को आगामी समय के लिए स्थगित कर दिया।
महेंद्र ने बताया कि अधिकारियों के मुताबिक राहत कोष से इलाज को मिलने वाली मदद अब 50 फीसदी कर दी है। इससे उन्हें पूरे केस का 50 प्रतिशत पैसा ही स्वीकृत होगा।
उधर, मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन चेतराम ठाकुर ने कहा कि हंसराज का केस क्यों स्थगित किया गया है, इसके बारे में जांच की जाएगी। वहीं, एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान ने कहा कि सरकार ने केस के बारे में रिपोर्ट मांगी थी। यह वेरिफाई करके सरकार को भेज दी है।