सरकार ने चुनावी दृष्टिपत्र में कॉलेजों में सेमेस्टर सिस्टम को समाप्त करने की घोषणा को लागू करने में तत्परता दिखाई है। सरकार का गठन होते ही इस संदर्भ में ईमानदारी से काम किया गया। इसके अलावा सरकार ने प्रदेश में तीन हजार से अधिक प्री प्राइमरी स्कूल भी खोले हैं। सरकारी स्कूलों में इनरोलमेंट बढ़ाने के लिए नर्सरी-केजी की कक्षाएं शुरू की गई हैं।
करोड़ों का छात्रवृत्ति घोटाला पकड़ा
शिक्षा विभाग में करोड़ों की राशि का छात्रवृत्ति घोटाला पकड़ना प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धि है। फर्जी दाखिले दिखाकर सरकारी धनराशि को चपत लगा रहे निजी शिक्षण संस्थानों पर शिकंजा कसते हुए सरकार ने इस मामले की सीबीआई से जांच करवाने का फैसला लिया है।
प्रदेश में खोले गए 3391 प्री-प्राइमरी स्कूलों को जनवरी महीने में नया फर्नीचर मिलेगा। शिक्षा विभाग ने स्कूलों के लिए फर्नीचर की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। 3391 प्री प्राइमरी स्कूलों में 23 हजार से अधिक बच्चों ने नर्सरी और केजी कक्षाओं में दाखिला लिया है।
समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशालय के तहत प्री-प्राइमरी स्कूलों के लिए फर्नीचर की खरीद की जाएगी। निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी प्री प्राइमरी स्कूलों को सजाने के सरकार ने आदेश दिए हैं। इसी कड़ी में निदेशालय ने छोटे बच्चों के लिए टेबल और बेंच खरीदने की तैयारी शुरू की है।
इसके अलावा कक्षाओं को आकर्षक बनाने के लिए विशेष तरीके से सजाया भी जाएगा। ताकि चार और पांच साल की आयु के बच्चों का कक्षाओं में मन लगा रहे। इन कक्षाओं में बच्चों की खेल गतिविधियों के लिए खिलौनों का भी इंतजाम किया जाएगा।