योग गुरु बाबा रामदेव से जुड़ी कंपनी पतंजलि को जिला सोलन के साधुपुल में दी गई जमीन की लीज को रद्द करने के फैसले को वापस लेने का आश्वासन देने के बाद अब हिमाचल सरकार पतंजलि को सेब का रस देकर संबंध मीठे बनाने में जुट गई है। सोमवार को राजधानी शिमला में बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स की अध्यक्षता में हुई एचपीएमसी के निदेशक मंडल की बैठक में मैसर्ज पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड को थोक में सेब के रस की आपूर्ति करने का फैसला लिया गया है।
इस फैसले को पतंजलि द्वारा सरकार के खिलाफ हाईकोर्ट में दायर किए गए मामले को वापस लेने पर तोहफे के तौर पर भी देखा जा रहा है। उधर, निगम ने राधा स्वामी डेरा को टैटरापैक में पेय की आपूर्ति करने को भी स्वीकृति दी है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए
स्टोक्स ने कहा कि एचपीएमसी प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण एजेंसी है, जो प्रदेश की आर्थिकी को सुदृढ़ करवाने वाले उत्पादित फलों के प्रापण, प्रसंस्करण तथा संरक्षण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एचपीएमसी ने इस वित्त वर्ष के दौरान सर्वाधिक 7368 लाख रुपये के कारोबार का लक्ष्य पूरा किया है, जो गत वर्ष से 40 प्रतिशत अधिक है।