सत्र की शुरुआत में राज्यपाल के अभिभाषण के बाद एक छोटा अंतराल होगा। साढे़ तीन बजे सदन की कार्यवाही शोकोद्गार से दोबारा शुरू होगी। पूर्व विधायक जगत सिंह नेगी और शौंकिया राम के देहांत पर सदन में शोक वक्तव्य होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर साप्ताहिक कार्यसूची की जानकारी देंगे। फिर स्वीकृत विधेयकों को विधानसभा सचिव सदन में रखेंगे।
ये वे चार विधेयक होंगे, जिन्हें हाल ही में राष्ट्रपति और राज्यपाल की मंजूरी मिली है। इसके पश्चात मुख्यमंत्री वित्तीय वर्ष 2018-19 की अनुपूरक अनुदान मांगों की प्रथम और अंतिम किस्त के प्रस्ताव को पटल पर रखेंगे, जो 5 फरवरी को पारित होंगी। मंगलवार से प्रश्नकाल, राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा और अन्य कार्यवाहियों होंगी।
विधानसभा सचिवालय को मिले 650 सवाल
सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों की ओर से अब तक लगभग 650 सवाल विधानसभा सचिवालय को भेजे गए हैं। सत्र के दौरान प्रदेश में लगातार बढ़ रहे स्वाइन फ्लू, नशाखोरी और सड़कों की खस्ता हालत जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष को विपक्ष घेरने का प्रयास करेगा।
9 को बजट पेश होने के बाद सोमवार 11 फरवरी से 13 फरवरी तक बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2019-2020 पर चर्चा होगी। 15 फरवरी से 18 फरवरी तक बजट अनुमान की मांगों पर चर्चा एवं मतदान होगा। सत्र में दो बैठकें 8 और 14 फरवरी गैर सरकारी सदस्यों के लिए निर्धारित हैं।