राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने खुंब उत्पादन और इसकी तकनीक के प्रसार की बात कही है। राज्यपाल ने खुंब उत्पादन को सोलन के बाहर पूरे देश में फैलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान खुंब का उत्पादन कर आत्मनिर्भर बनने की ओर आगे बढ़ सकते हैं। राज्यपाल मंगलवार को सोलन के खुंब अनुसंधान निदेशालय चंबाघाट का दौरा करने पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने खुंब उत्पादन की बारीकियों पर विशेषज्ञों से चर्चा भी की। निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने कार्डिसेपस मशरूम के उत्पादन कक्ष का भ्रमण किया। इस मौके पर खुंब विशेषज्ञों ने राज्यपाल को कम लागत की खुंब इकाई की जानकारी भी दी। जिसमें बटन मशरूम की खेती की जा रही है। राज्यपाल ने कहा कि ऐसी इकाइयां छोटे किसानों के लिए काफी उपयुक्त हैं।
इससे पहले निदेशक डॉ. वीपी शर्मा ने उनका स्वागत किया। डॉ. शर्मा ने राज्यपाल को खुंब अनुसंधान निदेशालय के कल्चर बैंक जिसमें 3500 के करीब खुंब के नमूने जमा हैं व इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप दिखाया। इसके अलावा कार्डिसेपस इकाई, स्पॉन इकाई का भ्रमण करवाया। इस मौके पर उपायुक्त केसी चमन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।