रेजिडेंट कमिश्नर मीरा मोहंती सम्मान प्राप्त करते हुए।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हिमाचल प्रदेश को खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में नवीन कार्यक्रम शुरू करने और इसके कार्यान्वयन में सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार-2024 से सम्मानित किया गया। एग्रीकल्चर टुडे ग्रुप ने यह कार्यक्रम आयोजित किया। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह पुरस्कार प्रदान किया। उद्योग विभाग को दिए गए इस पुरस्कार को रेजिडेंट कमिश्नर मीरा मोहंती ने नई दिल्ली में प्राप्त किया।
हिमाचल में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों के 3 इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत 1320 व्यक्तिगत सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को मंजूरी दी गई है।उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पुरस्कार मिलने पर उद्योग विभाग को बधाई दी है। पिछले कुछ वर्षों में राज्य ने अपने खाद्य प्रसंस्करण बुनियादी ढांचे को बढ़ाया है। इसमें 23 नामित खाद्य पार्क, एक समर्पित मेगा फूड पार्क, जिला कांगड़ा और सोलन में 2 कृषि प्रसंस्करण क्लस्टर, 18 कोल्ड चेन परियोजनाएं शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की ओर से आयोजित विश्व खाद्य भारत कार्यक्रम में राज्य को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण (पीएमएफएमई) योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित हो चुका है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से हिमाचल प्रदेश के उद्योग निदेशक राकेश प्रजापति को इस पुरस्कार से नवाजा गया था।