रेल बजट में हर बार उपेक्षित हुए हिमाचल को इस बार प्रभु की रेल के पहाड़ चढ़ने की उम्मीद है। सामरिक दृष्टि से अहम राष्ट्रीय महत्व की मनाली-लेह रेललाइन पर खास तौर पर प्रदेश की निगाहें टिकी हैं। हिमाचल से जुडे़ सांसदों ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु के समक्ष इस मसले को विशेष तौर पर उठाया है।
बरसों से लटकी प्रदेश की प्रस्तावित रेल परियोजनाओं के भी इस बार सिरे चढ़ने की उम्मीद है। भाजपा और कांग्रेस के सांसदों ने रेल बजट से पूर्व मंत्रालय के समक्ष सूबे से जुडे़ विभिन्न प्रस्ताव रखे हैं। रेल मंत्री सुरेश प्रभु 25 फरवरी को रेल बजट पेश करने जा रहे हैं। इस बार सामरिक महत्व के लेह तक प्रस्तावित रेल मार्ग के लिए लंबित बजट केंद्र सरकार रिलीज कर सकती है।
ये रेललाइन भानुपल्ली-बिलासपुर-मंडी-मनाली-लेह के लिए बनाई जा रही है। अभी तक सामरिक महत्व के इस मार्ग के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये रिलीज किए जा चुके हैं। इससे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया ने तेजी पकड़ी है। इस रेल मार्ग में कम से कम 2000 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस बजट को रक्षा मंत्रालय के माध्यम से रिलीज होने की उम्मीद है। रक्षा मंत्रालय ही इसे रेल मंत्रालय को जारी करेगा।
सांसदों ने एक अन्य रेल मार्ग पठानकोट-जोगेंद्रनगर को ब्रॉडगेज बनाकर मंडी से जोड़ने की भी मांग उठाई है। इससे भविष्य में इस रेल मार्ग को भानुपल्ली -बिलासपुर -मंडी-मनाली-लेह रेल मार्ग से भी जोड़ा जा सकेगा। पठानकोट से बैजनाथ और पठानकोट से ही जोेगेंद्रनगर के लिए ट्रेनें बंद हो गई हैं। इनकी बहाली की भी मांग उठाई गई है।
घनौली से देहरादून के लिए वाया बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़-कालाअंब-पांवटा रेल मार्ग का सर्वेक्षण हो चुका है। इस बार बजट मिलने की उम्मीद है। चंडीगढ़-बद्दी रेल मार्ग को दुरुस्त करने के लिए पिछले बजट में 95 करोड़ रुपये का बजट रिलीज किया गया था। इसमें अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। रेल मंत्रालय से ये मामला भी उठाया गया है।
क्या कहते हैं सांसद रामस्वरूप
मंडी से भाजपा के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा है कि हाल ही में हिमाचल में रेल से जुड़ी कई मांगों को भारत सरकार के समक्ष उठाया गया है। रेल मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी इस मामले को उठाया जा चुका है।
सांसद विप्लव ठाकुर के बोल
राज्यसभा में कांग्रेस की सांसद विप्लव ने कहा है कि हिमाचल सरकार को इस बार रेल बजट से कोई उम्मीद नहीं है। हाल ही में अंबाला डिविजन की रेलवे की बैठक में उन्होंने कई मांगें उठाईं।
क्या बताती हैं बिमला कश्यप
भाजपा की राज्यसभा सांसद बिमला कश्यप ने कहा कि वे बजट आने के बाद ही इस बारे में बात कर पाएंगी। इस बारे में हाल ही हुई बैठक में भी हिमाचल से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई है।
बजट से कई उम्मीदें : वीरेंद्र
लोकसभा में भाजपा सांसद वीरेंद्र ने कहा है कि रेल बजट से उन्हें कई उम्मीदें हैं। घनौली-देहरादून रेलमार्ग नालागढ़-बद्दी-बरोटीवाला-कालाअंब से बन रहा है। शिमला-कालका के लिए चार टॉय ट्रेन कारें चलाने का मसला उठाया है।