हिमाचल के किस क्षेत्र में कब बिजली का कट लगेगा? बिजली का बिल कितना आया है? बिल जमा करवाने की आखिरी तारीख कब है? यह सभी जानकारियां नए साल से प्रदेश के करीब बीस लाख बिजली उपभोक्ताओं को उनके मोबाइल फोन पर एसएमएस से मिलेगी।
बिजली उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए राज्य बिजली बोर्ड नए साल से एसएमएस सेवा शुरू करने जा रहा है। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं को हिमाचल बिजली बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर मोबाइल नंबर का पंजीकरण करवाना होगा।
इसके अलावा उपभोक्ता संबंधित दफ्तरों में जाकर भी अपना अकाउंट नंबर बताकर मोबाइल फोन नंबर का पंजीकरण करवा सकते हैं। राज्य बिजली बोर्ड ने अपनी वेबसाइट को भी आधुनिक कर लिया है।
वेबसाइट पर उपभोक्ताओं को बिजली कट की पूर्व सूचना देने के लिए एक विशेष लिंक दिया गया है। शटडाउन नाम के इस लिंक पर क्लिक पर उपभोक्ता जान सकते हैं कि उनके क्षेत्र में कब बिजली का कट लगेगा। बोर्ड द्वारा इस लिंक पर पूरे प्रदेश के आने वाले दिनों में लगने वाले बिजली कट की जानकारी अपलोड की जा रही है।