हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी श्री रेणुकाजी के प्रस्ताव पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विजय सिंह पुंडीर और रतिराम को पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों और कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ कार्य करने के आरोप पर दोनों पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
रूठों को मनाने कुल्लू पहुंचे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोमवार सुबह कुल्लू पहुंचे। सबसे पहले वह पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर को मनाने के लिए उनके घर गए। दोपहर बाद जिला मुख्यालय में नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर नाराज चल रहे हैं। वह कुल्लू सदर विधानसभा के प्रचार से भी दूर हैं। कुछ दिन पहले वह लाहौल में कांग्रेस प्रत्याशी रवि ठाकुर के लिए प्रचार करते दिखे थे। हुड्डा ने उन्हें पार्टी के लिए काम करने की बात कही। इसका खुलासा स्वयं भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के जीते हुए विधायक ही मुख्यमंत्री चुनेंगे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि पांच साल में हिमाचल में कुछ नहीं बदला है। केंद्र के साथ प्रदेश सरकार ने कोई विकास नहीं किया है। अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अपनी सीट बचाने के लिए प्रधानमंत्री को बुलाना पड़ रहा है।