जिला सिरमौर की श्री रेणुकाजी सीट पर इस बार मामा-बुआ के लड़कों के बीच कांटे की टक्कर है। इस सीट पर पिछले साढ़े तीन दशक से कांग्रेस के एक ही परिवार का दबदबा रहा। 2011 के उपचुनाव में महज एक बार ही भाजपा यहां कमल खिला पाई थी। इससे पहले डॉ. प्रेम सिंह कांग्रेस के टिकट पर 1990 का चुनाव छोड़ छह बार रेणुकाजी से विधायक रहे। जबकि 2012 के विधानसभा चुनाव के बाद उनके बेटे विनय कुमार दो बार विधायक रह चुके हैं।
यहां क्लिक कर देखें अपने चुनाव क्षेत्र के अपडेट
इस बार कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार के समक्ष उनके मामा के बेटे नारायण सिंह भाजपा प्रत्याशी हैं। भाजपा ने इस मर्तबा इस सीट से नए चेहरे को मैदान में उतारा है। आपस में मामा-बुआ के लड़के होने के नाते दोनों में भाई का रिश्ता होने से इस सीट पर दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।
बता दें कि वर्ष 2011 के उपचुनाव में यहां से हिरदा राम केवल एक बार भाजपा की तरफ से कांग्रेस का अभेद किला भेदने में कामयाब रहे। इसके अलावा 2 बार जनता दल के खाते में यह सीट गई। बाकी शेष समय यह सीट कांग्रेस का गढ़ रही है। दिवंगत नेता प्रेम सिंह के बेटे विनय कुमार को कांग्रेस पार्टी ने यहां से लगातार तीसरी बार चुनावी मैदान में उतारा।
जबकि नए चेहरे के तौर पर भाजपा ने नारायण सिंह को पहली बार यहां से पार्टी प्रत्याशी बनाया। लिहाजा मतदान के बाद से ही लोगों के बीच चर्चाओं का माहौल गर्म है कि क्या विनय कुमार तीसरी बार चुनाव में हैट्रिक लगाने में कामयाब होंगे या फिर नारायण की पहली बार विधानसभा में एंट्री होगी। इस सीट पर पहली बार राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी से जगमोहन सिंह और आप से रामकृष्ण भी मैदान में हैं।
इस बार यहां 78.91 प्रतिशत हुआ मतदान
विधानसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया में श्री रेणुका जी विस क्षेत्र में इस बार 78.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 73760 मतदाताओं में से 58203 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें 30994 पुरूष व 27809 महिला मतदाता शामिल हैं। इससे पहले 2017 के विस चुनाव में इस सीट पर 77.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अभी पोस्टल बैलेट आना बाकी है। ऐसे में इस बार भी यहां आंशिक रूप से मतदान प्रतिशतता में बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।
अपनी पसंद की सीट को फॉलो करके पाएं हर अपडेट
अगर आप किसी सीट विशेष के नतीजे में ही दिलचस्पी रखते हैं तो आप उससे जुड़ा अपडेट भी अमर उजाला App और amarujala.com पर पा सकते हैं। इसके लिए आपको उस सीट को फॉलो करना होगा। इसका तरीका बेहद आसान है। आप हमारे App या वेबसाइट के चुनाव पेज पर जाकर चुनाव क्षेत्र चुनें और उसे फॉलो कर लें। चुनाव क्षेत्र फॉलो करते ही आपको उससे जुड़े हर अपडेट नोटिफिकेशन के जरिए मिलते रहेंगे। अपने क्षेत्र को फॉलो करने के लिए इस पेज पर विजिट करें।