श्री नयनादेवी के विधायक रामलाल ठाकुर और पूर्व सीपीएस राजेश धर्माणी खुले मंच से बंबर ठाकुर का विरोध कर चुके हैं। बावजूद इसके बंबर की राजेंद्र राणा के कार्यक्रम में उपस्थिति ने कई संकेत दे दिए हैं। कार्यक्रम में पहुंचते ही चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष एवं टिकट वितरण कमेटी के सदस्य सुखविंद्र सुक्खू जिंदाबाद के नारों से पंडाल गूंज उठा। लंबे समय बाद सुक्खू समर्थकों के साथ सुजानपुर पहुंचे। सुजानपुर के कांग्रेस पदाधिकारी कुछ दिन पहले न्योता देते समय कह रहे थे कि रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आएंगी, लेकिन यह शगूफा ही निकला। कार्यक्रम में सुरक्षा कर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मीडिया कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया। उधर, कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह दिल्ली में हैं। व्यस्तता के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाईं।